
रायपुर:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से फर्जीवाड़े का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ACB और EOW जैसी संवेदनशील एजेंसियों का फर्जी अधिकारी बनकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी हसन आबिदी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को जांच एजेंसियों का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता था और मोटी रकम वसूलता था। यह कार्रवाई टिकरापारा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने की है। आरोपी की पहचान संजय नगर निवासी हसन आबिदी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ महिला पटवारी के पति राजेश सोनी ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि हसन ने बीते एक वर्ष में किश्तों में एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। आरोपी बार-बार पैसों की मांग करता और धमकी देता था कि अगर रकम नहीं दी गई, तो वह झूठे दस्तावेजों के जरिए ACB में शिकायत कर गिरफ्तारी करवा देगा।
पटवारी के पति से ठगे एक करोड़ से ज्यादा..
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक पीड़ित राजेश सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। अपनी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने अपने आप को जांच एजेंसी का बड़ा अधिकारी बताया था। आरोपी ने पिछले एक साल में उससे कई किश्तों में करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इसके बाद भी आरोपी बार-बार पैसे मांगता था और यह भी धमकी देता था कि न देने पर एसीबी में फर्जी दस्तावेजों से केस दर्ज करवाकर जेल भिजवा देगा। डर के मारे राजेश ने कर्ज लिया,पत्नी के गहने बेचे और हसन को पैसे दिए,लगातार बढ़ते दबाव और मानसिक उत्पीड़न के चलते वह पूरी तरह टूट चुका था,जिसके बाद आखिरकार उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
जमीन कारोबारियों और प्रॉपटी डीलर को बनाता था टारगेट…
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हसन आबिदी विशेष रूप से जमीन कारोबारियों और प्रॉपर्टी डीलर्स को निशाना बनाता था। वह उनकी संपत्ति को विवादित बताकर झूठे केस की धमकी देता और ACB/EOW का डर दिखाकर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस को संदेह है कि उसके जाल में कई और लोग भी फंसे हो सकते हैं।
रसूखदार दिखने नेताओं के साथ पोस्ट करता था फोटो..
मामले में यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी पिछले पांच वर्षों से ठगी और अवैध वसूली में सक्रिय था। खुद को रसूखदार दिखाने के लिए वह कई बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर डालता था, जिससे उसका प्रभाव और डर बना रहे। इसी वजह से अधिकतर लोग उसके खिलाफ खुलकर शिकायत नहीं कर पा रहे थे। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इस पूरे मामले का खुलासा जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर सकती है।
