
रायपुर:– छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ब्रांडेड चावल की आड़ में निम्न गुणवत्ता वाले लोकल चावल की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली कोर्ट के निर्देश पर गठित जांच टीम ने छापेमारी कर 180 टन चावल जब्त किया, जिसमें 90 टन मशहूर ब्रांड “अब्बा हुजूर” के नाम पर पैक किया गया था। इस चावल को ओरिजिनल ब्रांड की कीमत पर बेचा जा रहा था,जबकि इसकी गुणवत्ता काफी कम थी। इस मामले में दो राइस मिलरों पर कार्रवाई की तैयारी है, और उनके खिलाफ माना थाने में जल्द ही FIR दर्ज की जाएगी।
दिल्ली कोर्ट के आदेश पर छापा…
वासंता राइस इंडस्ट्रीज, मिर्यालगुडा (तेलंगाना), जो “अब्बा हुजूर” ब्रांड की मूल निर्माता है, को पिछले महीने सूचना मिली कि उनके ब्रांड की नकली पैकेजिंग के साथ लोकल चावल बेचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट ने दो न्यायालय आयुक्तों को नियुक्त कर रायपुर में छापेमारी का आदेश दिया।
टैगोर नगर, एकता नगर और टेमरी में कार्रवाई..
रायपुर के एकता नगर, टेमरी और टैगोर नगर में स्थित गोदामों की जांच दिल्ली से आई आयुक्तों की एक टीम ने की। ये तीनों गोदाम आराध्या एग्रोटेक कंपनी के नाम पर हैं, जिनके संचालक नरेंद्र खेतपाल और किशन खेतपाल हैं। जांच में पाया गया कि इन गोदामों में अब्बा हुजूर और अन्य ब्रांडेड चावल की नकली पैकेजिंग में 180 टन लोकल चावल भरा गया था। इसमें से 90 टन चावल अब्बा हुजूर के नाम पर था। टीम ने सभी चावल जब्त कर गोदामों को सील कर दिया।
नकली पैकेजिंग का खेल
जांच में खुलासा हुआ कि मिलरों ने “अब्बा हुजूर” की डुप्लीकेट पैकेजिंग तैयार कर उसमें निम्न गुणवत्ता वाला चावल भरा और उसे ओरिजिनल कीमत पर बेचा। गोदामों से हजारों खाली कट्टे भी बरामद हुए,जिन पर अब्बा हुजूर की ब्रांडिंग थी। छापेमारी के दौरान दिल्ली कोर्ट के आयुक्तों के साथ माना थाने की पुलिस और वासंता राइस इंडस्ट्रीज के कर्मचारी मौजूद थे।
नामी ब्रांड का दुरुपयोग…
वासंता राइस इंडस्ट्रीज के संचालकों का कहना है कि रायपुर में इस तरह का धोखाधड़ी वाला काम कई जगह हो रहा है। अब्बा हुजूर ब्रांड की मांग को देखते हुए नकली पैकेजिंग का यह खेल उपभोक्ताओं के साथ धोखा है। इस कार्रवाई से नकली चावल के कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि गुणवत्ता से समझौता कर नकली पैकेजिंग में चावल बेचने का यह मामला गंभीर है। खेतपाल बंधुओं और अन्य संलिप्त मिलरों के खिलाफ माना थाने में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। साथ ही,अब्बा हुजूर ब्रांड के चावल की बिक्री पर इनके लिए रोक लगा दी गई है।
